हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। नालंदा जिले के हरनौत प्रखंड स्थित कल्याण बिगहा इंडोर शूटिंग रेंज में मंगलवार से तीन दिवसीय 36वीं बिहार स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ। बिहार स्टेट राइफल एसोसिएशन (बीएसआरए) के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से आए निशानेबाजों ने पहले ही दिन अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से दर्शकों और खेल प्रेमियों का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन 10 मीटर एयर पिस्टल और 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धाओं में महिला, पुरुष, जूनियर, यूथ, सब-यूथ, मास्टर श्रेणी एवं ओपन साइट वर्ग के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में नालंदा रायफल क्लब, मगध रायफल क्लब, मुंगेर रायफल एसोसिएशन, पाटलीपुत्रा गन शूटिंग एकेडमी, सीटी रायफल क्लब, विज्ञानंद शूटिंग क्लब, मुजफ्फरपुर रायफल क्लब एंड एकेडमी, पीसीएसए शूटिंग रेंज, बरौनी रायफल क्लब, आर्मस्ट्रांग शूटिंग एकेडमी, स्वराज शूटिंग एकेडमी, एक्सीलेंस स्पोर्ट्स शूटिंग एकेडमी सहित कई प्रतिष्ठित क्लबों और अकादमियों के लगभग 65 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
शूटिंग रेंज के प्रभारी उमेश पासवान एवं कोच कौशल नौगरैया ने बताया कि प्रतियोगिता एनआर एवं आईएसएसएफ नियमों के तहत आयोजित की जा रही है। खिलाड़ियों ने दो अलग-अलग डिटेल (पारी) में निशाना साधते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के सफल संचालन और निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए दिल्ली, बेंगलुरु सहित विभिन्न स्थानों से आए तकनीकी विशेषज्ञों की टीम तैनात की गई है। तकनीकी अधिकारियों में अंजन कुमार सिंह, विजयपाल और मतीस कुमार सिंह प्रमुख रूप से शामिल हैं।
पहले दिन के प्रमुख परिणाम
10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में नालंदा रायफल क्लब के अनूपम कुमार ने 600 में से 559 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। इसी क्लब के तन्मय राज ने 551 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि पाटलीपुत्रा गन शूटिंग एकेडमी के अभिजीत प्रताप ने 550 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया।
वहीं 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में पाटलीपुत्रा गन शूटिंग एकेडमी के अर्पित कुमार ने 654 में से 614 अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी अकादमी की श्रेयांशी लोहिया ने 612 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि नालंदा रायफल क्लब के मयंक कुमार ने 611 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता का समापन 25 जून को होगा। समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। समारोह में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और खेल प्रेमियों के शामिल होने की संभावना है।
इस अवसर पर बिहार स्टेट राइफल एसोसिएशन के सचिव कुमार त्रिपुरी सिंह, उपाध्यक्ष श्रीगया प्रसाद, प्रशिक्षक निलेश कुमार, लक्ष्मी शंकर उज्जैन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कल्याण बिगहा शूटिंग रेंज में 36वीं बिहार स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप का आगाज, अनूपम और अर्पित ने किया शानदार प्रदर्शन
Written by Sanjay Kumar
Published on:







