नालंदा को मिली नई जिलाधिकारी: उदिता सिंह ने संभाली कमान, जनहित और विकास कार्यों को गति देने का दिया भरोसा

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा जिले को नई प्रशासनिक नेतृत्वकर्ता मिल गई हैं। मंगलवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी श्रीमती उदिता सिंह ने नालंदा की जिलाधिकारी के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। समाहरणालय परिसर में आयोजित औपचारिक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रशासनिक परंपराओं एवं निर्धारित प्रक्रिया के तहत राजीव रंजन कुमार सिन्हा, प्रभारी जिलाधिकारी-सह-अपर समाहर्ता, नालंदा से जिले का प्रभार ग्रहण किया।

पदभार ग्रहण समारोह के दौरान जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। नई जिलाधिकारी का स्वागत करते हुए अधिकारियों ने उन्हें जिले की प्रशासनिक एवं विकासात्मक गतिविधियों की जानकारी दी। पदभार संभालने के बाद जिलाधिकारी उदिता सिंह ने उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप सभी विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की निरंतर निगरानी की जाएगी, ताकि आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर और सुचारू रूप से मिल सके। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि जिले के समग्र विकास, सुशासन और जनसेवा को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।

जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पेयजल, सड़क, सामाजिक सुरक्षा तथा अन्य जनहितकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने प्रशासनिक जवाबदेही और जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को भी प्राथमिकता देने की बात कही।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता, प्रभारी उप विकास आयुक्त-सह-अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी (गोपनीय शाखा), जिला नजारत शाखा उपसमाहर्ता, जिला स्थापना शाखा उपसमाहर्ता, वरीय कोषागार पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

नई जिलाधिकारी के पदभार ग्रहण करने के साथ ही जिले में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रशासनिक कार्यों में नई गति आने की उम्मीद जताई जा रही है। जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Comment