संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। परबत्ता विधानसभा के पूर्व विधायक डॉ. संजीव कुमार सोमवार को बिहारशरीफ के सर्वोदयनगर स्थित आशीर्वाद भवन पहुंचे, जहां उन्होंने वार्ड संख्या-47 निवासी शिक्षक अजय कुमार की 86 वर्षीय माता एवं तुंगी पंचायत के पूर्व मुखिया स्वर्गीय हरिहर ठाकुर की धर्मपत्नी स्वर्गीय ठाकुर देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की। हाल ही में उनके निधन के बाद आयोजित शोकसभा में शामिल होकर उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।

इस अवसर पर भावुक होते हुए डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि स्वर्गीय ठाकुर देवी एक समाजसेवी एवं संस्कारवान महिला थीं। उन्होंने अपने परिवार और समाज को सदैव सकारात्मक दिशा देने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि उनके पुत्र अजय कुमार सहित पूरे परिवार में जो संस्कार और सामाजिक चेतना दिखाई देती है, वह स्वर्गीय ठाकुर देवी के व्यक्तित्व का ही प्रतिबिंब है।
डॉ. संजीव कुमार ने स्वर्गीय हरिहर ठाकुर को याद करते हुए कहा कि वे एक ईमानदार, कर्मठ और आदर्श शिक्षक थे। उन्होंने शिक्षा के माध्यम से समाज को दिशा दी तथा अनेक विद्यार्थियों को प्रेरित कर उच्च पदों तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन से ही उनका हरिहर ठाकुर जी से आत्मीय संबंध रहा है और उनके व्यक्तित्व का प्रभाव आज भी उन्हें प्रेरित करता है।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान डॉ. संजीव कुमार ने राज्य के विकास और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि विकास का सही आकलन समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की स्थिति से होना चाहिए। मजदूरों, किसानों, किशोरियों, अस्पतालों में उपचार के लिए संघर्ष कर रहे मरीजों तथा शिक्षा से वंचित बच्चों की स्थिति कई गंभीर प्रश्न खड़े करती है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनहित सर्वोपरि होना चाहिए।
उन्होंने नालंदा की गौरवशाली विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, मखदूम साहब और बाबा मणिराम की तपोभूमि रही है। ज्ञान, शिक्षा और सामाजिक समरसता की इस भूमि की पहचान उसके मानवीय मूल्यों से है।

शोकसभा के दौरान नालंदा जिले के शिक्षकों, बुद्धिजीवियों एवं महिला शिक्षिकाओं से मिलकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर नूतन सिन्हा, सीमा कुमारी, डॉ. सुजाता कुमारी, प्रीति सागर, डॉ. कुंज बिहारी कुंजेश, डॉ. मुरारी शुक्ला, चंद्रमोली प्रसाद, व्याख्याता सुशील कुमार, रविकांत कुमार, विकास कुमार, राकेश कुमार एवं अजय कु मार सहित अन्य लोगों ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत एवं सम्मान किया।
अजय कुमार ने बताया कि डॉ. संजीव कुमार अपने समय के मेडिकल प्रवेश परीक्षा के मेधावी छात्रों में शामिल रहे हैं। वे जनहित के मुद्दों को बेबाकी से उठाने वाले निर्भीक जनप्रतिनिधि के रूप में जाने जाते हैं तथा उन्हें राष्ट्रीय गौरव सम्मान से भी सम्मानित किया जा चुका है।
इस अवसर पर बिहार विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) राजीव कुमार भी मौजूद रहे।







