हरनौत में चोरों का तांडव: दो बंद घरों से 10 लाख से अधिक की चोरी, सोने-चांदी के गहने और लैपटॉप ले उड़े बदमाश

Written by Sanjay Kumar

Published on:

हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। नालंदा जिले के हरनौत बाजार स्थित नियामतपुर मोहल्ले में चोरों ने एक ही रात में दो बंद घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। चोर सोने-चांदी के कीमती आभूषण, नगदी और लैपटॉप समेत लाखों रुपये के सामान लेकर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, वार्ड संख्या-17 निवासी डॉ. जयवंत कुमार अपने बच्चों के साथ रिश्तेदारी में गए हुए थे, जबकि वे स्वयं नाइट ड्यूटी के लिए रहुई गए थे। रविवार सुबह जब वे घर लौटे तो मुख्य दरवाजे पर ताला लगा हुआ था, लेकिन घर के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। तीन कमरों के ताले टूटे हुए थे और पूरा सामान बिखरा पड़ा था।

पीड़ित ने बताया कि गोदरेज अलमारी से सोने की बिछिया, ढोलना, कानवाली, गला सेट, हार, नथनी, मांगटीका, मंगलसूत्र समेत कई कीमती आभूषण चोरी हो गए। इसके अलावा चांदी के सिक्के, पायल और पांच हजार रुपये नकद भी गायब थे। उन्होंने अनुमान लगाया कि करीब आठ से दस लाख रुपये की संपत्ति चोरी हुई है। चोर सीढ़ी के सहारे छत पर चढ़कर घर में घुसे थे।

इसी दौरान चोरों ने लगभग 100 मीटर दूर स्थित शिक्षिका कमला कुमारी के बंद मकान को भी निशाना बनाया। गर्मी की छुट्टियों में परिवार के साथ बाहर गई शिक्षिका जब वापस लौटीं तो घर के ताले टूटे मिले। चोर उनके घर से लैपटॉप सहित अन्य कीमती सामान चुरा ले गए।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Leave a Comment