अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हरनौत में सामूहिक योगाभ्यास, युवाओं ने अपनाया स्वस्थ जीवन का संकल्प

Written by Sanjay Kumar

Published on:

हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को नालंदा जिले के हरनौत बाजार स्थित फुटबॉल स्टेडियम में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन मेरा युवा भारत (माई भारत) नालंदा द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और स्थानीय लोगों ने भाग लेकर योग के महत्व को समझा तथा नियमित योग करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता एवं मेरा युवा भारत के डेलिगेट सन्नी पटेल ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने योग के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वामी सत्यानंद सरस्वती के योगदान को भी याद किया और उनके विचारों पर प्रकाश डाला।
अपने संबोधन में सन्नी पटेल ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित रखने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में तनाव और विभिन्न बीमारियों से बचाव के लिए योग बेहद आवश्यक है। योग व्यक्ति को मानसिक रूप से मजबूत बनाता है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और स्वस्थ भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर माई भारत के स्वयंसेवक रोहित तिवारी ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भस्त्रिका, पद्मासन, वज्रासन, सूर्य नमस्कार, पावर योग, कुंडलिनी योग, हठ योग और ध्यान जैसी योग विधियों का प्रदर्शन किया। साथ ही इन योगासनों से होने वाले लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है, फेफड़े मजबूत होते हैं, शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, मानसिक एकाग्रता में सुधार होता है और व्यक्ति ऊर्जावान महसूस करता है।
कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया। योग दिवस के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक रजनीश, सुबोध, मुस्कान मयूरी, चंदन, पप्पू सहित कई अन्य युवा एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment