हिलसा (अपना नालंदा)। हिलसा प्रखंड के कपसियावां गांव स्थित देवी स्थान प्रांगण में आयोजित होने वाले सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान महायज्ञ को लेकर धार्मिक माहौल बनने लगा है। शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार, गाजे-बाजे और ग्राम भ्रमण के साथ यज्ञ स्थल पर विधिवत ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों के बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान पुरोहित अनीश पाण्डेय, सुरेश पाण्डेय, हरि बाबा एवं धनंजय पाण्डेय ने वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना कर यज्ञ ध्वज स्थापित किया। इसके साथ ही पूरे गांव में धार्मिक उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि 29 जून से 5 जुलाई तक श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ 29 जून को भव्य कलश शोभायात्रा के साथ होगा। यह शोभायात्रा गांव के सूर्य मंदिर तालाब परिसर से निकाली जाएगी, जिसमें 251 श्रद्धालु महिलाएं एवं कन्याएं कलश लेकर शामिल होंगी।
कथा के दौरान श्रीधाम वृंदावन से पधार रही प्रसिद्ध कथा वाचिका सुश्री राजलक्ष्मी जी एवं कथा वाचक आनंद राज जी महाराज श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत महापुराण की अमृतमयी कथा का रसपान कराएंगे। आयोजन समिति को उम्मीद है कि कथा में हिलसा एवं आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे।
ध्वजारोहण के साथ ही यज्ञ एवं कथा आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। गांव के युवक, महिलाएं और बुजुर्ग आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। कथा स्थल की सजावट, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक तैयारियां युद्ध स्तर पर की जा रही हैं।
ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से निर्णय लिया है कि कथा समापन तक सभी लोग धार्मिक मर्यादाओं का पालन करते हुए शुद्ध एवं सात्विक जीवनशैली अपनाएंगे तथा वैष्णव नियमों का पालन करेंगे। इस निर्णय को लेकर गांव में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे कपसियावां गांव में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है और श्रद्धालु बेसब्री से कथा प्रारंभ होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
कपसियावां में श्रीमद्भागवत कथा महायज्ञ की तैयारी तेज, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ ध्वजारोहण
Written by Sanjay Kumar
Published on:







