हरनौत पीएचसी शिविर में 356 गर्भवतियों की हुई स्वास्थ्य जांच

Written by Sanjay Kumar

Published on:

हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत मंगलवार को हरनौत बाजार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में विशेष एएनसी जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 356 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के दौरान सात महिलाओं में खून की कमी (एनीमिया) पाई गई, जिन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श और उपचार की व्यवस्था की गई। शिविर में जांच कराने के लिए बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाओं की भीड़ उमड़ी।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी (एमओआईसी) डॉ. राजीव रंजन सिन्हा ने बताया कि गर्भवती महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित मातृत्व को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रत्येक माह की 9 एवं 15 तारीख को एएनसी जांच शिविर आयोजित किया जाता है। इस दौरान महिलाओं के हीमोग्लोबिन, एचआईवी, हेपेटाइटिस, ब्लड ग्रुप समेत विभिन्न आवश्यक जांचें की जाती हैं। जांच में किसी प्रकार की कमी या संक्रमण पाए जाने पर तत्काल उपचार और आवश्यक परामर्श दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि गर्भावस्था और प्रसव के दौरान महिलाओं में खून की कमी होने की संभावना अधिक रहती है, जिससे मां और शिशु दोनों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसलिए समय पर जांच और उपचार बेहद जरूरी है। केंद्र में उपलब्ध सभी आवश्यक दवाएं और स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क प्रदान की जाती हैं।
डॉ. सिन्हा ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती एवं धात्री माताओं को नियमित जांच, आवश्यक दवाएं तथा समय-समय पर टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। शिविर को सफल बनाने में डॉ. अंकिता, डॉ. महेश, रूची, पंकज सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Comment