खरीदारी के बहाने बर्तन दुकान में चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई महिला

Written by Sanjay Kumar

Published on:

हिलसा (अपना नालंदा)। शहर के बरुण तल स्थित एक बर्तन दुकान में खरीदारी के बहाने आई महिलाओं द्वारा चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। चोरी की इस वारदात के बाद स्थानीय दुकानदारों में चिंता और सतर्कता बढ़ गई है।
दुकान संचालक मनजीत कुमार ने बताया कि तीन महिलाएं उनकी दुकान पर बर्तन खरीदने के लिए पहुंची थीं। वे काफी देर तक विभिन्न बर्तनों को देखती रहीं और खरीदारी को लेकर बातचीत करती रहीं। इसी दौरान एक महिला ने मौका पाकर कांसा का बर्तन अपनी साड़ी में छिपा लिया। इसके बाद सभी महिलाएं बिना किसी को शक हुए दुकान से निकल गईं।
कुछ देर बाद महिलाओं की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर दुकानदार ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की। फुटेज देखने पर एक महिला द्वारा बर्तन चोरी करते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दी। इसके बाद घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी गई और पुलिस से भी संपर्क किया गया।
दुकानदार के अनुसार चोरी हुए कांसा के बर्तनों की कीमत लगभग 14 से 15 हजार रुपये है। घटना की पूरी तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद होने से आरोपित महिला की पहचान करने में पुलिस को मदद मिल सकती है।
मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच की जाएगी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित महिलाओं की पहचान करने में जुटी है।

Leave a Comment