हिलसा (अपना नालंदा)। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को प्रखंड कार्यालय के समक्ष एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने भाग लेकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
धरना की अध्यक्षता राजद प्रखंड अध्यक्ष नवल यादव ने की, जबकि संचालन नगर अध्यक्ष मोहम्मद परवेज ने किया। वक्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई ने आम लोगों का जीवन कठिन बना दिया है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि से गरीब, किसान, मजदूर और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। वहीं खाद्यान्न, दाल, तेल सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं के बढ़ते दामों ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं।
धरना को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक शक्ति सिंह यादव ने कहा कि एनडीए सरकार के कार्यकाल में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और महंगाई चरम पर पहुंच गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और भूमि सुधार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सरकार अपेक्षित कार्य नहीं कर पा रही है। उन्होंने किसानों और गरीबों की समस्याओं की अनदेखी किए जाने पर भी चिंता जताई।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जनहित के मुद्दों पर ठोस कार्रवाई की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि बुलडोजर कार्रवाई के नाम पर गरीब परिवारों को परेशान किया जा रहा है और उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में गंभीर प्रयास नहीं हो रहे हैं।
राजद नेताओं ने महंगाई पर नियंत्रण, युवाओं को रोजगार, किसानों को राहत तथा भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
जनसमस्याओं को लेकर राजद का धरना, सरकार पर साधा निशाना
Written by Sanjay Kumar
Published on:







