मौसी-मौसा के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम, ग्रामीणों ने सौंपे आवेदन
हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार रविवार की सुबह नालंदा जिले के हरनौत प्रखंड अंतर्गत मधोपुर-सबनहुआ गांव पहुंचे। उनके आगमन को लेकर गांव में सुबह से ही उत्साह और उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। ग्रामीण बड़ी संख्या में सड़क किनारे एकत्र होकर अपने लोकप्रिय नेता की एक झलक पाने के लिए इंतजार करते रहे।
पूर्व मुख्यमंत्री का काफिला लगभग 11:15 बजे गांव पहुंचा। जैसे ही उनका वाहन गांव में प्रवेश किया, समर्थकों और ग्रामीणों ने “नीतीश कुमार जिंदाबाद” के नारों से पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया। इस दौरान नीतीश कुमार ने वाहन से ही हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और उनका स्वागत किया। गांव में करीब पांच मिनट तक रुकने के दौरान उन्होंने अपने मौसी स्वर्गीय देव लगन देवी एवं मौसा स्वर्गीय रामानंद सिंह के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा परिवार के सदस्यों से शिष्टाचार मुलाकात की।
इस अवसर पर बिहार विधान परिषद के सदस्य एवं मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन सर्राफ, जदयू जिलाध्यक्ष मो. अरशद, प्रखंड अध्यक्ष रविकांत कुमार, उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि सह समाजसेवी सुरेश सिंह, निरंजन सिंह, रामजी सिंह समेत अनेक पार्टी पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सुरक्षा के रहे व्यापक इंतजाम
पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। सुबह से ही गांव से लेकर कल्याण बिगहा रोड तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी तथा आने-जाने वाले मार्गों पर निगरानी रखी जा रही थी।
सुरक्षा व्यवस्था की कमान बिहारशरीफ के एसडीएम किसलय श्रीवास्तव और एसडीपीओ-2 संजय कुमार जायसवाल संभाल रहे थे। वहीं हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश वर्मा, कल्याण बिगहा थानाध्यक्ष निशा भारती सहित दर्जनों पुलिस पदाधिकारी एवं जवान सुरक्षा ड्यूटी में तैनात रहे।
चार दशक बाद गांव पहुंचने पर दिखा उत्साह
ग्रामीणों के अनुसार नीतीश कुमार लगभग 40 वर्ष पूर्व भी इस गांव में आए थे। उस समय वे सक्रिय राजनीति में अपनी पहचान बना रहे थे। लंबे अंतराल के बाद उनके गांव आगमन से लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई ग्रामीणों ने अपनी स्थानीय समस्याओं से संबंधित आवेदन भी उन्हें सौंपे और समाधान की उम्मीद जताई।
मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. पंकज कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी सौरव सुमन, जदयू प्रखंड प्रवक्ता रौशन कुमार, नगर जदयू अध्यक्ष श्याम बालक साव, परमेंद्र पांडे, बंटी कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। पूर्व मुख्यमंत्री के इस संक्षिप्त दौरे ने क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियों को भी नई चर्चा दे दी।





