सांसद कौशलेंद्र की पहल रंग लाई, राजगीर-हावड़ा ट्रेन फिर से होगी शुरू

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा लोकसभा क्षेत्र के सांसद Kaushalendra Kumar की पहल पर लंबे समय से बंद पड़ी राजगीर-हावड़ा रेल सेवा को एक बार फिर शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है। रेल मंत्री Ashwini Vaishnaw ने सांसद की मांग को स्वीकार करते हुए 16 मई 2026 से राजगीर और हावड़ा के बीच विशेष ट्रेन चलाने की स्वीकृति दे दी है।

सांसद कौशलेंद्र कुमार ने रेल मंत्री को पत्र लिखकर मांग की थी कि कोरोना काल में बंद की गई राजगीर-हावड़ा-राजगीर फास्ट पैसेंजर ट्रेन को पुनः चालू किया जाए। उन्होंने अपने पत्र में कहा था कि विश्व प्रसिद्ध पर्यटन एवं धार्मिक नगरी राजगीर में लगने वाले मलमास मेले में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु, पर्यटक, जैन धर्मावलंबी, बौद्ध अनुयायी और साधु-संत पहुंचते हैं। ऐसे में सीधी रेल सेवा बंद रहने से श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सांसद ने यह भी उल्लेख किया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मलमास के दौरान राजगीर के गर्म जलकुंड में स्नान करने से पापों का नाश होता है। इस अवसर पर यहां एक माह तक धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-पाठ चलते हैं। मान्यता है कि इस अवधि में 33 करोड़ देवी-देवता राजगीर में प्रवास करते हैं, जिसके कारण इस मेले का धार्मिक महत्व और भी बढ़ जाता है।

उन्होंने बताया कि पहले गाड़ी संख्या 53043/44 राजगीर-हावड़ा-राजगीर फास्ट पैसेंजर ट्रेन नियमित रूप से संचालित होती थी। इस ट्रेन से बड़ी संख्या में जैन धर्म के श्रद्धालु, बौद्ध अनुयायी, पर्यटक तथा देवघर बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालु यात्रा करते थे। कोरोना महामारी के दौरान इस ट्रेन का परिचालन बंद कर दिया गया था, जिसके बाद से यात्रियों को वैकल्पिक साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा था।

सांसद की मांग पर रेल मंत्रालय ने सकारात्मक निर्णय लेते हुए 16 मई 2026 से गाड़ी संख्या 02029/03030 राजगीर-हावड़ा-राजगीर विशेष ट्रेन का परिचालन शुरू करने का निर्णय लिया है। ट्रेन सेवा बहाल होने से नालंदा, राजगीर एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही मलमास मेला में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।

रेल सेवा बहाल होने की खबर से क्षेत्र के लोगों, श्रद्धालुओं एवं व्यवसायियों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सांसद कौशलेंद्र कुमार एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताया है।

Leave a Comment