इनर व्हील क्लब बिहारशरीफ की पहल, 250 विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से किया जागरूक
संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। इनर व्हील क्लब बिहारशरीफ के तत्वावधान में स्थानीय मंगला स्थान स्थित डैफोडिल पब्लिक स्कूल में “Drop Drugs Not Dreams” अर्थात “ड्रग्स नहीं, अपने सपनों को चुनें” विषय पर जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 250 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सेमिनार का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशा, शराब और तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता एवं रिसोर्स पर्सन के रूप में वर्धमान मेडिकल कॉलेज पावापुरी की प्राध्यापक डॉ. रश्मि नारायण उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा, शराब और तंबाकू युवाओं के भविष्य को अंधकारमय बना देते हैं। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को अपने लक्ष्य, सपनों और करियर पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। यदि विद्यार्थी अपने जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच अपनाएं तो वे निश्चित रूप से सफलता प्राप्त कर सकते हैं।

डॉ. रश्मि नारायण ने विद्यार्थियों को तंबाकू और शराब के सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों, मानसिक तनाव, सामाजिक बुराइयों और पारिवारिक समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से कमजोर बना देती है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
इस अवसर पर इनर व्हील क्लब बिहारशरीफ की अध्यक्ष रश्मि रानी ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और यदि वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लें तो समाज और राष्ट्र दोनों मजबूत होंगे।
विद्यालय के सचिव डॉ. रविचंद कुमार ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए सही दिशा और सकारात्मक सोच जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से “ड्रग्स नहीं, अपने सपनों को चुनें” का संदेश अपनाने की अपील करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए नशे से पूरी तरह दूरी बनानी चाहिए।
सेमिनार के दौरान विद्यार्थियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई और विभिन्न प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम में छात्रों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, मानसिक तनाव से दूर रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।

विद्यालय की उप प्राचार्या ज्योति मेहता ने कार्यक्रम के अंत में इनर व्हील क्लब के सभी सदस्यों एवं मुख्य वक्ता डॉ. रश्मि नारायण का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के नैतिक, सामाजिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। ऐसे कार्यक्रम युवाओं को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं तथा इनर व्हील क्लब की सचिव कुमारी रश्मि, पूर्व अध्यक्ष मंजू प्रकाश एवं अमिता रानी, नीतू कुमारी, रूबी वर्मा सहित अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह और जागरूकता का माहौल देखने को मिला।







