संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 14 मई को अपने पैतृक गांव कल्याण बिगहा पहुंचेंगे। इस संबंध में नालंदा जिला प्रशासन द्वारा आधिकारिक सूचना जारी की गई है।

जिला पदाधिकारी नालंदा कुंदन कुमार ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री का हरनौत प्रखंड अंतर्गत ग्राम कल्याण बिगहा में परिभ्रमण कार्यक्रम निर्धारित है। उनके दौरे को लेकर प्रशासनिक एवं सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
पुलिस अधीक्षक नालंदा ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कार्यक्रम स्थल को अस्थायी रूप से “टेम्पररी रेड जोन” घोषित किया है। आदेश के अनुसार कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र में ड्रोन, हॉट एयर बैलून, पैरा मोटर्स, पैरा ग्लाइडर्स, पावर्ड हैंड ग्लाइडर समेत अन्य सभी गैर पारंपरिक उड़ान उपकरणों के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय पूर्व मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। आदेश के अनुपालन के लिए अनुमंडल पदाधिकारी बिहारशरीफ तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-02 को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कल्याण बिगहा और आसपास के क्षेत्रों में प्रशासनिक गतिविधियां बढ़ गई हैं तथा सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी में जुटी हुई हैं।







