मुख्यमंत्री ने “सहयोग हेल्पलाइन 1100” व पोर्टल का किया शुभारंभ, शिकायतों का होगा त्वरित निपटारा

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अजीत कुमार
जहानाबाद (अपना नालंदा)। आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं जवाबदेह निष्पादन को सुनिश्चित करने की दिशा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को नवाचारी पहल करते हुए “सहयोग हेल्पलाइन 1100” एवं “सहयोग पोर्टल” का औपचारिक शुभारंभ किया। पटना से आयोजित कार्यक्रम में जहानाबाद जिला प्रशासन के अधिकारियों ने डिजिटल माध्यम से सहभागिता की।
समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय, उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सहित सभी जिला स्तरीय एवं प्रखंड तथा अंचल स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि सहयोग हेल्पलाइन 1100 का उद्देश्य आम नागरिकों को सहयोग शिविरों से संबंधित सहायता उपलब्ध कराना है। अब नागरिक टोल फ्री नंबर 1100 पर कॉल कर अपने पंचायत में आयोजित होने वाले शिविर की तिथि, स्थान एवं अन्य आवश्यक जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
वहीं सहयोग पोर्टल के माध्यम से जन शिकायतों के सतत अनुश्रवण के लिए रियल टाइम मॉनिटरिंग प्रणाली विकसित की गई है। इस पोर्टल पर शिकायतों का ऑनलाइन पंजीकरण, विभागवार प्रेषण, शिकायत की वर्तमान स्थिति की जानकारी, अनुस्मारक भेजने तथा शिकायत निष्पादन के बाद नागरिकों से फीडबैक लेने जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके जरिए शिकायतों के निवारण की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि पोर्टल को विशेष रूप से शिकायतों के प्रभावी समाधान, शिकायतों के कारणों के विश्लेषण तथा विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की निगरानी को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। शिकायतों के लंबित रहने पर मामलों को स्वतः उच्च स्तर पर अग्रसारित करने की व्यवस्था भी की गई है। साथ ही कार्य में लापरवाही या सुस्ती बरतने वाले पदाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय ने प्रखंड एवं अंचल स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन समस्याओं का समाधान जिला स्तर से किया जाना है, उनसे संबंधित आवेदनों को तुरंत उच्च अधिकारियों को भेजना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि रियल टाइम मॉनिटरिंग व्यवस्था के तहत सचिव स्तर के अधिकारी सीधे अनुश्रवण कर रहे हैं, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अंत में जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील की कि वे सहयोग हेल्पलाइन एवं पोर्टल का उपयोग कर अपनी समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाएं, ताकि उनका त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Comment