बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा ब्लड ग्रुप आज जिले में इंसानियत और सेवा का बड़ा संदेश दे रहा है। शहर के युवाओं द्वारा शुरू की गई यह संस्था अब जरूरतमंद मरीजों के लिए उम्मीद की किरण बन चुकी है। संस्था लगातार नि:शुल्क रक्त उपलब्ध कराकर सैकड़ों लोगों की जिंदगी बचाने का काम कर रही है।
संस्था के सदस्यों ने बताया कि जैसे ही ग्रुप में किसी मरीज के लिए रक्त की आवश्यकता की सूचना साझा की जाती है, वैसे ही शहर के युवा रक्तदान के लिए आगे आ जाते हैं। अब तक नालंदा ब्लड ग्रुप की टीम चार हजार से अधिक लोगों को रक्त उपलब्ध करा चुकी है।

इसी कड़ी में बड़ी दरगाह मोहल्ला निवासी बदरुद्दीन को ओ नेगेटिव ब्लड की सख्त जरूरत थी। इसकी सूचना मिलते ही टीम के सक्रिय सदस्य हामिद फिरदौसी तुरंत नालंदा ब्लड बैंक पहुंचे और रक्तदान कर मरीज की मदद की। हामिद फिरदौसी ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं होता और हर स्वस्थ व्यक्ति को इस मुहिम से जुड़ना चाहिए।
उन्होंने बताया कि वह लगातार रक्तदान करते रहे हैं और जब भी नालंदा ब्लड ग्रुप को उनकी जरूरत होगी, वह हमेशा टीम के साथ खड़े रहेंगे। यह उनका दसवां रक्तदान था। हामिद ने शहर के युवाओं से अपील करते हुए कहा कि जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं और रक्तदान कर इंसानियत की मिसाल पेश करें।







