ई-शिक्षाकोष में लापरवाही पर प्रधानाध्यापक से मांगा स्पष्टीकरण, कार्रवाई की चेतावनी

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। जिला शिक्षा विभाग ने ई-शिक्षाकोष ऐप पर नियमित उपस्थिति दर्ज नहीं करने के मामले में उच्च विद्यालय सोनसा, रहुई के प्रधानाध्यापक रविन्द्र प्रसाद से स्पष्टीकरण मांगा है। इस संबंध में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना), नालंदा की ओर से पत्र जारी कर 24 घंटे के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया गया है।
जारी पत्र में कहा गया है कि विभागीय निर्देशानुसार जिले के सभी प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों को ई-शिक्षाकोष ऐप के माध्यम से प्रतिदिन विद्यालय में अपनी उपस्थिति दर्ज करनी अनिवार्य है। इसकी समय-समय पर विभागीय स्तर पर समीक्षा भी की जाती है। समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि प्रधानाध्यापक रविन्द्र प्रसाद द्वारा अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 तक कई दिनों में उपस्थिति दर्ज नहीं की गई। साथ ही कई अवसरों पर विलंब से उपस्थिति दर्ज करने तथा विद्यालय छोड़ने का आउट टाइम अंकित नहीं करने की बात भी सामने आई है।

Malmas Mela 2026: Alert Issued Regarding Crowd Risks; Major Plan Formulated for Rajgir Zoo Safari


विभाग ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कहा है कि इस प्रकार की कार्यशैली से विद्यालय संचालन मनमाने ढंग से होने तथा छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ होने की आशंका प्रतीत होती है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि बिना उपस्थिति दर्ज किए वेतन लेने को सरकारी राशि के दुरुपयोग के रूप में देखा जा सकता है।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने प्रधानाध्यापक रविंद्र कुमार से पूछा है कि उनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई प्रारंभ करने हेतु उच्चाधिकारियों को प्रतिवेदन क्यों नहीं भेजा जाए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment