संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। आगामी मलमास मेला 2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर राजगीर जू सफारी परिसर में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जू सफारी के निदेशक राम सुन्दर एम ने की। इसमें सहायक वन संरक्षक, क्षेत्र पदाधिकारी, वनपाल एवं वनरक्षी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में मलमास मेला 2026 के दौरान संभावित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और पर्यटक सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सुचारु यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, ठोस कचरा प्रबंधन, पेयजल आपूर्ति तथा पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया।

निदेशक ने निर्देश दिया कि प्रवेश एवं निकास द्वारों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर स्थापित किए जाएं तथा बैरिकेडिंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, पूरे परिसर में सीसीटीवी निगरानी प्रणाली को और सुदृढ़ करने पर बल दिया गया, ताकि हर गतिविधि पर सतत नजर रखी जा सके।
पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्पष्ट एवं बहुभाषी संकेतक बोर्ड लगाने तथा सूचना केंद्र स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में यह भी तय किया गया कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, जिससे मेला के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।







