छह माह अनुपस्थित रिकॉर्ड, प्रधानाध्यापिका से 24 घंटे में मांगा जवाब

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय, नालंदा के निर्देश पर ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर उपस्थिति दर्ज नहीं करने के मामले में मॉडल मध्य विद्यालय भैसासुर की प्रधानाध्यापिका सुनीता सिन्हा से स्पष्टीकरण मांगा गया है। इस संबंध में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना), नालंदा द्वारा पत्रांक 2614 के तहत 30 मई 2026 को नोटिस जारी किया गया।
जारी पत्र में बताया गया है कि विभागीय निर्देशानुसार सभी प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों को ई-शिक्षा कोष ऐप के माध्यम से प्रतिदिन अपनी उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य है। अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 तक की उपस्थिति की समीक्षा के दौरान पाया गया कि संबंधित प्रधानाध्यापिका द्वारा इस अवधि में एक भी दिन उपस्थिति दर्ज नहीं की गई।


विभाग ने इसे गंभीर लापरवाही, आदेश की अवहेलना और कार्य के प्रति उदासीनता का मामला माना है। पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि यह कृत्य विभागीय नियमों के विरुद्ध है और अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है।
इस मामले में प्रधानाध्यापिका को निर्देश दिया गया है कि वे नोटिस प्राप्ति के 24 घंटे के भीतर अपना स्पष्टीकरण जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की जाएगी।
शिक्षा विभाग की इस सख्ती को लेकर जिले में चर्चा तेज हो गई है और इसे व्यवस्था सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Comment