बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा जिले के बेन प्रखंड अंतर्गत एकसारा पंचायत के प्राथमिक विद्यालय मरसुआ के पूर्व प्रभारी शिक्षक संजय कुमार पर कर्तव्यहीनता और अनियमितता के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि संजय कुमार कई वर्षों से अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाह बने हुए हैं, जिससे विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार इस संबंध में पूर्व में भी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा पदाधिकारी को कई बार लिखित शिकायत दी जा चुकी है। शिकायत के आधार पर जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश पर कतरीसराय के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी द्वारा जांच भी कराई गई थी। ग्रामीणों का दावा है कि जांच में आरोप सही पाए जाने के बावजूद अब तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई है।
बताया जा रहा है कि करीब आठ महीने पहले विद्यालय में नए प्रधानाध्यापक की नियुक्ति की गई है, जो संजय कुमार को रास नहीं आ रही है। आरोप है कि वे बच्चों को भड़काकर प्रधानाध्यापक के प्रति आक्रोश पैदा करने की कोशिश करते हैं। इसके अलावा विद्यालय के दस्तावेजों को बोरों में भरकर घर ले जाने का भी आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले की शिकायत पंचायत के मुखिया से भी की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इससे लोगों में नाराजगी है और वे इसे गंभीर लापरवाही मान रहे हैं।
ग्रामीणों ने जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिलाधिकारी नालंदा से मामले की निष्पक्ष जांच कर पूर्व प्रभारी शिक्षक संजय कुमार के विरुद्ध सख्त विभागीय कार्रवाई करने की मांग की है।








