विजय प्रकाश उर्फ पिन्नू
नूरसराय (अपना नालंदा)।नूरसराय थाना क्षेत्र के जगदीशपुर मिल्कीपर गांव में रविवार की सुबह खेत में रखे पुआल को हटाने के विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते मारपीट और गोलीबारी में बदल गई, जिसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायल महिला की पहचान तिलक गोप की पत्नी दुलारी देवी के रूप में की गई है। बताया जाता है कि गोली उनके पेट में लगी है। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया। इस घटना में उनकी भतीजी भी मारपीट के दौरान घायल हो गई है।

पीड़ित तिलक गोप ने बताया कि गांव के ही एक व्यक्ति ने कई महीनों से उनके खेत में नेवारी (पुआल) रख छोड़ा था। इससे उनकी मूंग की फसल को नुकसान हो रहा था। उन्होंने कई बार पुआल हटाने का अनुरोध किया, लेकिन हर बार बात टाल दी जाती थी।
रविवार सुबह जब उन्होंने फिर से पुआल हटाने की बात कही तो आरोपी अपने कुछ साथियों के साथ उनके घर पर पहुंच गया। आरोप है कि सभी ने मिलकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और दहशत फैलाने के लिए कई राउंड फायरिंग कर दी।
मारपीट के दौरान जब तिलक गोप को पीटा जा रहा था, तब उनकी पत्नी दुलारी देवी उन्हें बचाने के लिए आगे बढ़ीं। इसी दौरान बदमाशों ने उन पर गोली चला दी, जो उनके पेट में जा लगी। घटना की सूचना मिलते ही नूरसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे।
सदर डीएसपी टू संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।







