विजय प्रकाश उर्फ पिन्नू
नूरसराय (अपना नालंदा)।नूरसराय थाना क्षेत्र के परासी गांव में एक सनकी पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद लोगों को शक न हो, इसके लिए आरोपी ने सीढ़ी से गिरने की अफवाह फैला दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
मृतका की पहचान परासी गांव निवासी मनीष कुमार उर्फ सूरजभान की 30 वर्षीय पत्नी राखी कुमारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि आरोपी पति पिछले सात महीनों से जेल में बंद था और करीब 15 दिन पहले ही नाबालिग से छेड़खानी के मामले में जमानत पर जेल से छूटकर घर लौटा था।

मृतका के पिता सिलाव थाना क्षेत्र के करियन्ना गांव निवासी उपेंद्र सिंह ने बताया कि वर्ष 2020 में उन्होंने अपनी पुत्री की शादी मनीष कुमार से की थी। दंपति को चार साल की एक बेटी और ढाई साल का एक बेटा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही दामाद मायके वालों से पैसे की मांग करता था और रुपये नहीं देने पर बेटी के साथ मारपीट तथा प्रताड़ना करता था।
शनिवार की देर रात पड़ोसियों ने फोन कर सूचना दी कि आरोपी ने उनकी बेटी के साथ बेरहमी से मारपीट की है और उसकी हालत गंभीर है। इसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक राखी कुमारी की मौत हो चुकी थी। परिजनों ने बताया कि मृतका के पूरे शरीर पर चोट के कई निशान थे।
नूरसराय थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि महिला की पीट-पीटकर हत्या की गई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।







