सुधीर प्रसाद
बेन (अपना नालंदा)। प्रखंड क्षेत्र की बेन पंचायत अंतर्गत रन्नू विगहा गांव में कृषि विभाग की ओर से संतुलित उर्वरकों के उपयोग को लेकर ग्राम स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को खेती में उर्वरकों के संतुलित और वैज्ञानिक उपयोग के प्रति जागरूक करना था, ताकि भूमि की उर्वरता बनी रहे और फसलों का उत्पादन भी बेहतर हो सके।

कार्यक्रम के दौरान कृषि सलाहकार देवनारायण तथा कृषि समन्वयक ब्रज कुमार ने किसानों के साथ गोष्ठी कर खेती से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि यदि किसान संतुलित मात्रा में उर्वरकों का उपयोग करेंगे तो मिट्टी की गुणवत्ता बनी रहेगी और फसल की पैदावार में भी वृद्धि होगी। साथ ही उन्होंने किसानों को यह भी समझाया कि अंधाधुंध रासायनिक उर्वरकों का उपयोग मिट्टी की उर्वरता को धीरे-धीरे कम कर देता है, जिससे भविष्य में खेती पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
कृषि अधिकारियों ने किसानों को पराली प्रबंधन के महत्व के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पराली को जलाने के बजाय उसका उचित प्रबंधन किया जाना चाहिए, ताकि पर्यावरण की सुरक्षा के साथ-साथ खेत की उर्वरता भी बनी रहे। उन्होंने किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए भी प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने कृषि विभाग के अधिकारियों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और भविष्य में संतुलित उर्वरकों के उपयोग तथा पराली प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने का भरोसा दिया। किसानों ने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम को खेती के लिए काफी लाभदायक बताया।






