शिक्षा ही एक महत्वपूर्ण पूंजी है जिसे कोई चुरा नहीं सकता:-मुख्य पार्षद धनंजय कुमार
हिलसा (अपना नालंदा)।मैट्रिक परीक्षा में नालंदा जिला के टॉप-10 में स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर चिकसौरा रोड स्थित आनंद कोचिंग संस्थान में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सफल छात्र-छात्राओं की उपलब्धियों पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी गई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

कार्यक्रम में मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आशीष रंजन और विष्णु कुमार को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। आशीष रंजन ने 476 अंक प्राप्त कर नालंदा जिला में छठा स्थान हासिल किया, जबकि विष्णु कुमार ने 472 अंक प्राप्त कर जिला में दसवां स्थान प्राप्त किया। इनके अलावा परमेश कुमार, प्रशांत पटेल और पिंटू कुमार को भी उनकी बेहतर सफलता के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सफल विद्यार्थियों को अंगवस्त्र, माला और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि इन छात्रों की मेहनत, लगन और अनुशासन ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह दर्शाती है कि निरंतर परिश्रम और सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हिलसा नगर परिषद के मुख्य पार्षद धनंजय कुमार ने कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे महत्वपूर्ण पूंजी है, जिसे कोई भी व्यक्ति चुरा नहीं सकता। शिक्षा ही मनुष्य को सही और गलत के बीच अंतर समझने की क्षमता प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सरकार भी छात्रों के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ उठाकर छात्र-छात्राएं अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
इस मौके पर आनंद कोचिंग के संचालक मंटू कुमार ने कहा कि उनके संस्थान से विगत कई वर्षों से छात्र राज्य एवं जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहे हैं। हालांकि उन्होंने कभी इसका व्यापक प्रचार-प्रसार नहीं किया, क्योंकि उनका मानना है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों की मेहनत ही किसी संस्थान की असली पहचान होती है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य छात्रों को बेहतर मार्गदर्शन देकर उन्हें सफलता की राह दिखाना है।
हिलसा निजी विद्यालय संघ के प्रवक्ता संतोष कुमार पार्थ ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, कला और अन्य अतिरिक्त गतिविधियों में भाग लेने वाले विद्यार्थी अधिक आत्मविश्वासी और सफल बनते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत करने, समय का सही उपयोग करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सलाह दी।
कार्यक्रम में कोचिंग संचालक शशि कुमार, अर्जुन कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उम्मीद जताई कि ये विद्यार्थी आगे चलकर समाज और देश का नाम रोशन करेंगे। कार्यक्रम का समापन छात्रों को शुभकामनाएं देने के साथ हुआ।







