संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। दीपनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित मां शीतला मंदिर में मंगलवार को पूजा-अर्चना के दौरान अचानक भगदड़ मचने से बड़ा हादसा हो गया। अत्यधिक भीड़ के कारण स्थिति अचानक अनियंत्रित हो गई, जिससे अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 8 अन्य लोग घायल हो गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही नालंदा जिला पुलिस एवं प्रशासन की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका समुचित उपचार चल रहा है।
घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पटना प्रमंडल के आयुक्त और केंद्रीय क्षेत्र पटना के पुलिस महानिरीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं नालंदा के जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और उप विकास आयुक्त स्वयं मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है। राज्य सरकार की ओर से मृतकों के आश्रितों को आपदा प्रबंधन विभाग से 4-4 लाख रुपये तथा मुख्यमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपये, कुल 6 लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान देने की घोषणा की गई है।

जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण किया जा रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए दीपनगर थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।







