बोलीदाता नहीं मिलने पर सैरात बंदोबस्ती की राशि घटाई, तीसरी बार निकलेगी निविदा

Written by Sanjay Kumar

Published on:

चंडी (अपना नालंदा)।चंडी नगर पंचायत में सोमवार को सशक्त स्थायी समिति की बैठक मुख्य पार्षद मनोज कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में नगर पंचायत के विभिन्न सैरातों की बंदोबस्ती को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान बंदोबस्ती प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. अनूपा कुमारी ने बताया कि राजस्व विभाग के निर्देशानुसार पिछले तीन वित्तीय वर्षों की अधिकतम बोली के आधार पर वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 32 लाख 89 हजार रुपये की राशि निर्धारित कर सैरात बंदोबस्ती की निविदा निकाली गई थी। इस निविदा को दो बार समाचार पत्रों में प्रकाशित कराया गया, लेकिन आश्चर्यजनक रूप से किसी भी बोलीदाता ने इसमें रुचि नहीं दिखाई और एक भी आवेदन प्राप्त नहीं हुआ।


उन्होंने बताया कि लगातार दो बार बोलीदाता नहीं मिलने के कारण सशक्त स्थायी समिति की बैठक में इस विषय पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सैरात बंदोबस्ती की निर्धारित राशि को घटाकर 12 लाख 65 हजार रुपये कर दिया जाए, ताकि इच्छुक लोग निविदा प्रक्रिया में भाग ले सकें।
बैठक में यह भी तय किया गया कि नई निर्धारित राशि के आधार पर तीसरी बार निविदा आमंत्रित की जाएगी। नगर पंचायत को उम्मीद है कि राशि कम होने के कारण इस बार अधिक संख्या में बोलीदाता भाग लेंगे और बंदोबस्ती की प्रक्रिया पूरी हो सकेगी। इससे नगर पंचायत को राजस्व प्राप्त होने का मार्ग भी प्रशस्त होगा।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने इस निर्णय का समर्थन करते हुए कहा कि नगर पंचायत के राजस्व को बढ़ाने के लिए सैरातों की बंदोबस्ती समय पर होना आवश्यक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि तीसरी बार जारी होने वाली निविदा में इच्छुक लोग भाग लेंगे और प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो जाएगी।

Leave a Comment