हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)।हरनौत नगर पंचायत के वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित बजट को सोमवार को आयोजित बोर्ड की बैठक में सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। इस बैठक में कुल 71 करोड़ 72 लाख 57 हजार 250 रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं पर मुहर लगाई गई। नगर पंचायत द्वारा पारित इस बजट को अब अंतिम स्वीकृति के लिए नगर विकास विभाग को भेजा जाएगा। विभाग से स्वीकृति मिलते ही नगर पंचायत क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों को तेजी से शुरू किया जाएगा।
नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित इस बैठक में शहर के समग्र विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बजट में सड़क निर्माण, नाला निर्माण, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था तथा स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है। इसके अलावा शहर के सौंदर्यीकरण के लिए पार्क निर्माण और तालाबों के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण की योजनाएं भी शामिल की गई हैं।
उप मुख्य पार्षद गीता देवी और कार्यपालक पदाधिकारी सुमन सौरभ ने बताया कि नगर पंचायत के विकास को ध्यान में रखते हुए बजट को सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में विभिन्न मदों से होने वाली आय तथा विभिन्न योजनाओं पर होने वाले खर्च को लेकर विस्तार से चर्चा की गई, जिसके बाद बजट को अंतिम रूप दिया गया। उन्होंने बताया कि इस बजट में गंदी बस्तियों को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने के साथ-साथ बेघर लोगों को आवास उपलब्ध कराने की योजना भी शामिल की गई है।
नगर पंचायत प्रशासन के अनुसार शहर के समग्र विकास और गरीबों को रोजगार से जोड़ने के लिए शहरी आजीविका मिशन के तहत भी योजनाएं लागू की जाएंगी। इससे शहर के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

बजट के आय स्रोतों में होल्डिंग टैक्स से 30 लाख रुपये, पार्किंग स्थल से 15 लाख, कचरा संग्रहण से 6.20 लाख, स्टांप ड्यूटी से 150 लाख, टावर टैक्स से 1.50 लाख, दुकान और प्रतिष्ठान लाइसेंस शुल्क से 4 लाख तथा प्रोफेशनल टैक्स से 20 लाख रुपये की आय का अनुमान लगाया गया है। इसके अलावा षष्टम राज्य वित्त आयोग से अनुरक्षण निधि के रूप में 160 लाख और सामान्य निधि के रूप में 400 लाख रुपये प्राप्त होंगे। स्वच्छ भारत मिशन से 50 लाख, सफाई अनुदान से 20 लाख, सभी के लिए आवास योजना से 1000 लाख, शहरी आजीविका मिशन से 50 लाख तथा ठोस अवशिष्ट प्रबंधन अनुदान से 150 लाख रुपये मिलने का अनुमान है। इस प्रकार नगर पंचायत की कुल आय 2192 लाख रुपये आंकी गई है।
वहीं व्यय के प्रमुख मदों में कंक्रीट सड़क निर्माण पर 1100 लाख रुपये, अन्य सड़क निर्माण पर 200 लाख, रोड और नाला निर्माण पर 500 लाख, ड्रेनेज निर्माण पर 250 लाख, तालाब-पोखर के जीर्णोद्धार पर 110 लाख तथा स्ट्रीट लाइट और हाई मास्क पर 100 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा सामुदायिक भवन, यात्री पड़ाव, शौचालय, वेंडर जोन, सीवरेज, पुलिया, जल आपूर्ति व्यवस्था, सीसीटीवी और बहुमंजिला भवन निर्माण जैसी कई योजनाएं भी बजट में शामिल की गई हैं। कुल व्यय का अनुमान 4849 लाख रुपये रखा गया है।
बैठक में वित्तीय सलाहकार नंद किशोर, स्वच्छता पदाधिकारी प्राची प्रसाद, पार्षद बबीता पांडे, सुनील कुमार, प्रीति, अनंत, बब्लू कुमार उर्फ राजीव रंजन, अनिल, अशोक, दिनेश, सिद्धार्थ, छोटू, राहुल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।





