बेबी कॉर्न की खेती कर फंसे किसान, खरीद की गारंटी बनी अधूरी

Written by Sanjay Kumar

Published on:

नगरनौसा (अपना नालंदा)। नगरनौसा प्रखंड में कृषि विभाग की पहल पर बेबी कॉर्न की खेती करने वाले एक किसान अब अपनी उपज की बिक्री को लेकर परेशान हैं। प्रखंड के कैला पंचायत अंतर्गत रामचक गांव के किसान अरविंद कुमार को प्रखंड कृषि कार्यालय द्वारा अनुदानित दर पर बेबी कॉर्न का बीज उपलब्ध कराया गया था। अधिकारियों ने उन्हें एक एकड़ खेत में इसकी खेती करने के लिए प्रेरित किया था।

किसान अरविंद कुमार ने बताया कि प्रखंड कृषि पदाधिकारी और कृषि समन्वयक के आग्रह पर उन्होंने अपने एक एकड़ खेत में बेबी कॉर्न की खेती की। उस समय उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि जब फसल तैयार हो जाएगी, तब प्रखंड कृषि कार्यालय से संपर्क करने पर उनकी उपज की बिक्री की व्यवस्था कर दी जाएगी और खरीद की पूरी गारंटी होगी।
किसान ने बताया कि अब फसल तैयार हो चुकी है, लेकिन उसे बेचने के लिए कोई स्पष्ट व्यवस्था नहीं बताई जा रही है। उन्होंने जब इस संबंध में प्रखंड कृषि पदाधिकारी से संपर्क किया तो उन्हें कृषि समन्वयक से मिलने की सलाह दी गई। वहीं कृषि समन्वयक से संपर्क करने पर उन्होंने इस मामले में अनभिज्ञता जताते हुए कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
किसान का कहना है कि रोपाई के समय अधिकारियों ने खरीद की गारंटी दी थी, लेकिन अब फसल तैयार होने के बाद वे असमंजस की स्थिति में हैं कि अपनी उपज कहां और किसे बेचें। इस स्थिति से किसान आर्थिक नुकसान की आशंका से चिंतित हैं और कृषि विभाग से उचित मार्गदर्शन तथा खरीद की व्यवस्था कराने की मांग कर रहे हैं।

Leave a Comment