पटना (अपना नालंदा)। वरिष्ठ पत्रकार तथा ‘दैनिक जागृति टाइम्स’ के संपादक मनोज कुमार सिंह को भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) की पैनल सलाहकार समिति (पीएसी) का सदस्य नामित किया गया है। उनकी नियुक्ति से बिहार के पत्रकारिता जगत में प्रसन्नता की लहर है और इसे राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
करीब तीन दशकों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय मनोज कुमार सिंह एक प्रखर और अनुभवी पत्रकार के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं। उन्होंने पटना से प्रकाशित ‘दैनिक सन्मार्ग’ सहित कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में संपादक के रूप में कार्य करते हुए पत्रकारिता को नई दिशा देने का कार्य किया है। वर्तमान में वे ‘दैनिक जागृति टाइम्स’ के संपादक के रूप में जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।

भारत सरकार की अवर सचिव गीता मोहन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, सरकारी विज्ञापन प्राप्त करने के लिए प्रकाशनों को पैनल में शामिल किए जाने और उनके आवेदनों पर विचार करने हेतु एक पैनल सलाहकार समिति का गठन किया गया है। इस समिति में बड़े, मध्यम और छोटे श्रेणी के समाचार पत्रों से गैर-सरकारी सदस्यों को भी शामिल किया गया है, ताकि प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी बन सके।
इस पैनल सलाहकार समिति में मनोज कुमार सिंह के अलावा ‘दैनिक जागरण’ के आशुतोष झा और जनम ग्रुप के प्रदीप पिल्लई को भी सदस्य के रूप में नामित किया गया है। पत्रकारिता जगत के लोगों ने मनोज कुमार सिंह को मिली इस जिम्मेदारी को उनकी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता, अनुभव और उत्कृष्ट योगदान का सम्मान बताया है।







