हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। स्थानीय प्रखंड मुख्यालय परिसर में शुक्रवार को पंचायत समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख सुबीली देवी ने की। बैठक में बीडीओ डॉ. पंकज कुमार, उप प्रमुख प्रमोद राम, मुखिया रणविजय सिंह पटेल, मुखिया हरिनारायण सिंह, सरथा पंचायत समिति सदस्य राणा शैलैश सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों के समक्ष सवाल उठाए। मुख्य रूप से वीबी-जी रामजी, 15वीं एवं षष्ठम वित्त आयोग की योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने प्रखंड स्तर पर चल रही योजनाओं की जानकारी भी साझा की।

इसी बीच सरथा पंचायत समिति सदस्य राणा शैलैश सिंह ने टाडापर प्राथमिक विद्यालय के जर्जर भवन को लेकर शिक्षा विभाग से सवाल किया। साथ ही उन्होंने विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (वीबी-जी रामजी) के तहत योजनाओं को पंचायत के उत्तरी व दक्षिणी भाग में नहीं चढ़ाए जाने पर मनरेगा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।

मनरेगा की स्थिति को लेकर बैठक में काफी हंगामा हुआ। जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि महत्वपूर्ण बैठक के दौरान मनरेगा पीओ (प्रोग्राम ऑफिसर) ही अनुपस्थित रहे, जिससे असंतोष और बढ़ गया। स्थिति यह रही कि बैठक समाप्ति के समय अनुमोदन कराने के लिए मनरेगा का डाटा एंट्री ऑपरेटर पहुंचा, जिससे जनप्रतिनिधियों में नाराजगी और बढ़ गई।
बैठक में बीपीआरओ उमेश कुमार, बीईओ नितेश कुमार रंजन, मुखिया विद्यानंद बिंद, मुढारी पंचायत समिति सदस्य रौशन कुमार, लोहरा से शिवजी प्रसाद समेत अन्य लोग मौजूद रहे।







