संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। 38 बिहार बटालियन एनसीसी, बिहारशरीफ के तत्वावधान में राष्ट्रीय कैडेट कोर की ‘बी’ प्रमाण पत्र परीक्षा का आयोजन सदर आलम मेमोरियल स्कूल, नालंदा में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। परीक्षा में विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के सीनियर डिवीजन (एसडी) एवं सीनियर विंग (एसडब्ल्यू) के कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अनुशासन, दक्षता और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया।
परीक्षा का संचालन 5 बिहार बटालियन एनसीसी से आए कर्नल एस.के. मिश्रा, 27 बिहार बटालियन एनसीसी के कर्नल रोहित चौहान तथा 38 बिहार बटालियन एनसीसी के एओ कर्नल अजय कुमार के संयुक्त निर्देशन में किया गया। परीक्षा के दौरान कैडेटों की शारीरिक, मानसिक और सामरिक दक्षता का विभिन्न चरणों में मूल्यांकन किया गया।
इस दौरान कैडेटों को फील्ड क्राफ्ट, बैटल क्राफ्ट, मैप रीडिंग, ड्रिल टेस्ट और हथियार प्रशिक्षण जैसे महत्वपूर्ण व्यावहारिक परीक्षणों से गुजरना पड़ा। इसके साथ ही उनके सैद्धांतिक ज्ञान का आकलन करने के लिए लिखित परीक्षा भी आयोजित की गई। इन सभी प्रक्रियाओं के माध्यम से कैडेटों की नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, अनुशासन और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता का परीक्षण किया गया।
एनसीसी अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय कैडेट कोर युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रभक्ति और समाज सेवा की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है। ‘बी’ प्रमाण पत्र परीक्षा कैडेटों के प्रशिक्षण का अहम चरण माना जाता है।
इस अवसर पर 38 बिहार बटालियन के सूबेदार मेजर ललिंद्र टिंगा, कैप्टन अनुज कुमार, एनसीसी अधिकारी , बड़ा बाबू उमाशंकर, राकेश, ट्रेनिंग जेसीओ सूबेदार मदन सिंह मेहता तथा एनसीसी पीआई स्टाफ सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे और परीक्षा के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
38 बिहार बटालियन एनसीसी ने आयोजित की ‘बी’ प्रमाण पत्र परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न
Written by Sanjay Kumar
Published on:







