एकंगरसराय पुलिस की कार्रवाई से फायरिंग की बड़ी घटना टली, चार गिरफ्तार

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। एकंगरसराय थाना पुलिस की तत्परता से बुधवार की रात एक बड़ी आपराधिक घटना टल गई। पुलिस ने फायरिंग की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, 4 मार्च की रात करीब 9:45 बजे अमनारखास पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विद्यानंद प्रसाद ने एकंगरसराय थाना को सूचना दी कि पूर्व विवाद को लेकर कुछ बाहरी लोग उनके घर के पास पहुंचकर फायरिंग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार झा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल गश्ती दल और पुलिस कर्मियों को मौके पर भेजा।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना को अंजाम देने पहुंचे दो लोगों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पटना जिले के सालिमपुर थाना क्षेत्र के अलीपुर निवासी दिनानाथ यादव (43 वर्ष) और चंदन यादव (38 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों के पास से अवैध आग्नेयास्त्र और कारतूस बरामद किए गए।
पूछताछ और उनकी स्वीकारोक्ति के आधार पर पुलिस ने दो अन्य आरोपियों संतोष कुमार (38 वर्ष), निवासी भदरूडीह थाना नगरनौसा तथा अजीत कुमार (19 वर्ष), निवासी सैरापर थाना चंडी को एक स्कॉर्पियो और एक पिकअप वाहन के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ एकंगरसराय थाना कांड संख्या 47/26 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में दिनानाथ यादव के खिलाफ पूर्व में हत्या और शस्त्र अधिनियम के मामले भी दर्ज पाए गए हैं। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

Leave a Comment