बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। सोमवार को मध्य विद्यालय बेलछी शरीफ परिसर में होली मिलन समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को होली की शुभकामनाएं देते हुए प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक धर्मेंद्र प्रसाद ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि आपसी मेल-मिलाप, सद्भाव और एकता का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे सुरक्षित और मर्यादित तरीके से होली मनाएं तथा समाज में सकारात्मक वातावरण बनाए रखें।
समारोह में शिक्षक कमल साव, शैदा एकबाल, शोएब रजा, मो. अबुलैश, हाफिज ओबैदुल्लाह आजम, मो. आजाद आलम, अरमान खान, उपेंद्र कुमार, संजय कुमार, संजीव कुमार एवं रजत जैन की सक्रिय भागीदारी रही। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें नैतिक मूल्यों पर चलने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में सौहार्दपूर्ण वातावरण देखने को मिला। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और आपसी सद्भाव के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी को सुरक्षित एवं मंगलमय होली की शुभकामनाएं दी गईं।
बेलछी शरीफ विद्यालय में होली मिलन समारोह संपन्न
Written by Sanjay Kumar
Published on:







