’
नगरनौसा (अपना नालंदा)। नगरनौसा थाना क्षेत्र के महमदपुर गाँव निवासी मंजू रानी एवं जनार्दन प्रसाद की पुत्री लेखिका अंशिता सिन्हा को ‘डॉक्टर (विद्या वाचस्पति)’ की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान काशी हिन्दी विद्यापीठ द्वारा प्रदान किया गया। सम्मान समारोह रांची में आयोजित हुआ, जहाँ संस्थान के कुल सचिव इंद्रजीत तिवारी एवं कोषपाल पवन कुमार सिंह ने उन्हें यह उपाधि प्रदान की।
कार्यक्रम में सेंट जेवियर कॉलेज रांची के भूतपूर्व हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. कमल कुमार बोस, वरिष्ठ साहित्यकार अनिता रश्मि, प्रतिभा प्रसाद कुमकुम, डॉ. श्याम कुंवर भारती, मधुमिता साहा सहित देशभर से आए अनेक साहित्यकार उपस्थित रहे। समारोह साहित्यिक गरिमा और उत्साह से परिपूर्ण रहा।
यह मानद उपाधि उन विभूतियों को दी जाती है, जिन्होंने अपने क्षेत्र में असाधारण उपलब्धि और समाज पर सकारात्मक प्रभाव छोड़ा हो। अंशिता सिन्हा को साहित्य के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए यह सम्मान मिला है। वे वर्षों से अपनी लेखनी के माध्यम से साहित्य सेवा में सक्रिय हैं।
अब तक उनकी चार पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं, जिनमें एक कहानी संग्रह और तीन काव्य संग्रह शामिल हैं। उनकी पाँचवीं पुस्तक शीघ्र प्रकाशन की प्रक्रिया में है। इसके अतिरिक्त वे कई साझा संग्रहों का संपादन भी कर चुकी हैं तथा अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से अलंकृत हो चुकी हैं। उनके इस सम्मान से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।







