ट्रैक्टर पलटने से किसान की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

Written by Sanjay Kumar

Published on:

आर संतोष भारती
कतरीसराय (अपना नालंदा)। दरवेशपुरा पूरब टोला स्थित तरौनी–दरवेशपुरा सड़क पर मुंशी पैन के पास बने पुल के समीप हुए दर्दनाक हादसे में एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय सतेन्द्र सिंह, पिता मुन्नी सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सतेन्द्र सिंह खेत जोतकर आंगनबाड़ी केंद्र की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान वे ट्रैक्टर को बैक कर रहे थे कि अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे मुंशी पैन में जा गिरा। ट्रैक्टर पलटने से वे उसके नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की गई और मामले की जांच जारी है।
इस दुखद हादसे से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है, ताकि शोकाकुल परिवार को कुछ राहत मिल सके।

Leave a Comment