सोनपुर में प्राण प्रतिष्ठा उत्सव पर निकली भव्य कलश यात्रा

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अखिलेंद्र कुमार
पटना (अपना नालंदा)। सोनपुर प्रखंड के संबलपुर नेवल टोला में वर्षों से प्रतीक्षित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर का निर्माण पूर्ण होने के बाद शिवलिंग स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 13 फरवरी को ग्रामीणों द्वारा भव्य कलश यात्रा एवं शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालु उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
कलश यात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर नया बाजार, सबलपुर मध्यवर्ती, पुराना बाजार तथा सबलपुर पश्चिमी मार्ग होते हुए गंगा तट तक पहुँची। वहां वैदिक विधि-विधान से जल भरकर श्रद्धालु पुनः मंदिर लौटे। यात्रा के दौरान आकर्षक झांकियां और भक्ति गीत श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
मंदिर निर्माण एवं पूजा में विशेष योगदान देने वाले ग्रामीणों को सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती गायत्री देवी (पति अमरेंद्र यादव) की ओर से अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कलश यात्रा के समापन पर मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना और आरती संपन्न हुई तथा उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया।
कार्यक्रम में मंदिर निर्माण व्यवस्थापक बाबा रौशनपुरी जी महाराज, संचित नाथ, सोनी किन्नर (बनारस), त्रिभुवन राय, मनोज कुमार, अमोद कुमार, दिनेश्वर राय सहित बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग सक्रिय रहे। आयोजकों ने बताया कि धार्मिक उत्सव 13 से 16 फरवरी तक चलेगा तथा 15 फरवरी सुबह 10 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन आरंभ होगा, जो 16 फरवरी तक जारी रहेगा।

Leave a Comment