जन सुराज पार्टी की संगठनात्मक बैठक में जुटे कार्यकर्ता, आरसीपी सिंह ने भरा चुनावी जोश

Written by Subhash Rajak

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। दीपनगर स्थित एक मैरेज हॉल में रविवार को जन सुराज पार्टी की ओर से संगठन मिलन समारोह का आयोजन किया गया। दोपहर 12 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।

इस मौके पर पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अमित कुमार पासवान ने बताया कि नालंदा जिले में पार्टी संगठन को नए सिरे से तैयार किया गया है। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी के मद्देनज़र पार्टी से जुड़े कार्यकर्ता एकजुट हुए हैं और संगठन को मजबूत बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने अपनी पार्टी “आप सबकी आवाज़ (आसा)” का विलय जन सुराज पार्टी में किया है। इसके बाद से वे जन सुराज पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

समारोह के दौरान बेन प्रखंड की जिला परिषद सदस्य एवं नालंदा विधानसभा से जन सुराज पार्टी की संभावित प्रत्याशी पूनम सिन्हा, जो पार्टी के महिला विंग की जिला अध्यक्ष भी हैं, ने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस बार के विधानसभा चुनाव में जन सुराज पार्टी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राजनीतिक किले को ध्वस्त करने का काम करेगी।

कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक मजबूती के साथ आगामी चुनावी रणनीति पर विचार-विमर्श करना था।

Leave a Comment