लोहरा पंचायत में महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित, योजनाओं की दी जानकारी

Written by Subhash Rajak

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
हरनौत । प्रखंड क्षेत्र के लोहरा पंचायत अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय लोहरा में मंगलवार को महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जीविका की महिला समूह ‘चांद’ से जुड़ी लीली ग्राम संगठन की महिलाओं ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई और महिला सशक्तिकरण तथा आर्थिक उत्थान में आ रही बाधाओं पर खुलकर अपनी बात रखी।

कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर महिलाओं को सशक्त बनाना और सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी देना था। कार्यक्रम के दौरान वीडियो फुटेज के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई, जिससे महिलाएं योजनाओं के लाभ व प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझ सकें।

इस अवसर पर जीविका दीदियों ने क्षेत्र की समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा और विकास को लेकर अपने सुझाव भी दिए। अधिकारियों ने महिला संवाद कार्यक्रम के महत्व और जीविका की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह पहल महिलाओं को उनकी समस्याओं और आकांक्षाओं को साझा करने के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करती है।

कार्यक्रम में बताया गया कि प्रखंड के विभिन्न गांवों में महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से एलईडी वैन के जरिए सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही यह भी बताया गया कि महिलाएं अपने गांव व टोले की समस्याओं को चिन्हित कर समाधान हेतु सहज रूप से अपनी बात रख सकें, यही इस संवाद का मुख्य उद्देश्य है।

कार्यक्रम आयोजन से संबंधित प्रक्रियाओं और सावधानियों के बारे में भी विस्तार से कर्मियों को बताया गया।

वहीं एक अन्य महिला संवाद कार्यक्रम मध्य विद्यालय मई खैरा गांव में वैष्णवी महिला ग्राम संगठन के द्वारा आयोजित किया गया।

मौके पर उपस्थित जीविका बीपीएम मो. आफ़ताब आलम, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी नवीन कुमार निराला, जूनियर इंजीनियर प्रदीप कुमार, अंजली कुमारी, रेखा कुमारी सहित कई अन्य जीविका कर्मी एवं महिलाएं उपस्थित थीं।

Leave a Comment