सुधीर प्रसाद
बेन (अपना नालंदा)। प्रखंड मुख्यालय से महज 500 मीटर की दूरी पर एक सूखे कुएं से महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
बताया जाता है कि सूखे कुएं के किनारे लगे तार के पेड़ से साड़ी के फंदे के सहारे एक महिला का शव झूलता हुआ पाया गया। स्थानीय लोगों की नजर पड़ते ही घटना की सूचना बेन थाना को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कुएं से बाहर निकलवाया।
मृतका की पहचान बेन निवासी स्वर्गीय रामजतन पासवान की पत्नी चिंता देवी (लगभग 50 वर्ष) के रूप में की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया है। टीम द्वारा आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि घटना के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।
पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस अग्रेतर कार्रवाई में जुटी हुई है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
बेन में सूखे कुएं से महिला का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस
Written by Sanjay Kumar
Published on:







