कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा अनावरण के साथ जन सुराज ने दी सामाजिक न्याय के पुरोधा को श्रद्धांजलि
संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)।आज रविवार को जननायक कर्पूरी ठाकुर की स्मृति में आयोजित एक सम्मानजनक कार्यक्रम में उनकी प्रतिमा का अनावरण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। यह आयोजन पूनम सिन्हा (जिला परिषद सदस्य, बेन एवं महिला जिला अध्यक्ष, जन सुराज पार्टी नालंदा) के सौजन्य से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में जन सुराज पार्टी के नालंदा जिला अध्यक्ष अरविंद प्रसाद उर्फ बिन्दा बाबू की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने जननायक कर्पूरी ठाकुर के योगदानों को याद करते हुए कहा कि कर्पूरी ठाकुर न केवल एक नेता, बल्कि सामाजिक क्रांति के प्रतीक थे। उन्होंने दलित, पिछड़ों और वंचितों के उत्थान के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित किया।

कर्पूरी ठाकुर के विचार आज भी प्रासंगिक
इस अवसर पर पूनम सिन्हा ने कहा कि कर्पूरी जी के विचार आज भी समाज में सामाजिक न्याय, समानता और अवसर की समान उपलब्धता के लिए प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि हम सबको उनके दिखाए रास्ते पर चलकर एक समतामूलक और न्यायपूर्ण समाज की स्थापना करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि इस प्रतिमा का अनावरण केवल एक मूर्ति की स्थापना नहीं है, बल्कि उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का एक प्रयास है।
स्थानीय लोगों ने की पहल की सराहना
कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, युवावर्ग और जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद थे। सभी ने इस पहल की सराहना की और कहा कि कर्पूरी ठाकुर जैसे नेताओं की स्मृतियों को जीवित रखना समय की मांग है।
इस आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि कर्पूरी ठाकुर जैसे जननायकों के आदर्शों और विचारों को अगर नई पीढ़ी आत्मसात करे, तो समाज में सकारात्मक बदलाव अवश्य आएगा