थरथरी (अपना नालंदा)। थाना क्षेत्र के अलग-अलग चार गांवों में गेहूं की खड़ी फसल में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही थरथरी फायर ब्रिगेड के साथ-साथ परवलपुर और चंडी से भी अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

बताया जाता है कि अतवलचक, नरारी और वेरमा गांव में बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण गेहूं के खेत में आग लग गई। इस आगलगी की घटना में मनोज कुमार, अवधेश प्रसाद, रामसुंदर कुमार और विनय कुमार की लगभग तीन एकड़ में लगी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
वहीं लखाचक गांव में किसी शरारती तत्व द्वारा सिगरेट पीकर खड़ी गेहूं की फसल में फेंक देने से आग लग गई। इस घटना में सिकंदर, शैलेंद्र प्रसाद और अवधेश प्रसाद की करीब एक एकड़ फसल जलकर नष्ट हो गई।

आग लगने के बाद आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही थरथरी, परवलपुर और चंडी से पहुंचे दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों और थरथरी पुलिस के सहयोग से आग पर काबू पा लिया।
तेज हवा के कारण आग के और फैलने की आशंका बनी हुई थी, लेकिन समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से बड़ी क्षति होने से बचाव हो गया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष साजिद अख्तर ने बताया कि अग्निशमन कर्मियों की त्वरित कार्रवाई के कारण स्थिति नियंत्रण में रही, अन्यथा आग विकराल रूप ले सकती थी और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता।







