शॉर्ट सर्किट से गेहूं की फसल में लगी आग, 11 बीघा 12 कट्टा फसल जलकर राख

Written by Sanjay Kumar

Published on:

चंडी (अपना नालंदा)। प्रखंड के तुलसीगढ़ पंचायत अंतर्गत मुबारकपुर गांव के खंधा में रविवार को 11 हजार वोल्ट बिजली लाइन में हुए शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 11 बीघा 12 कट्टा में लगी गेहूं की तैयार फसल जलकर राख हो गई। इस अगलगी की घटना में कई किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस आगजनी में माधुरी देवी की लगभग 5 बीघा, नागेंद्र कुमार की 5 बीघा, बिरजू बिंद की 12 कट्टा तथा विकास कुमार उर्फ अमरूद कुमार की करीब 1 बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। ग्रामीणों के अनुसार 11 हजार वोल्ट के बिजली तार में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे चिंगारी खेतों में गिरी और सूखी फसल में आग लग गई।

Rajgir–Patna Express to Run Regularly from April 6; MP Kaushalendra Kumar to Flag Off the Train.


आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल एकजुट होकर बाल्टी, पंपसेट और अन्य साधनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अधिकांश फसल जलकर राख हो चुकी थी। हालांकि ग्रामीणों और दमकल कर्मियों के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास के अन्य खेतों को बचा लिया गया।
ग्रामीणों ने इस घटना के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि जर्जर बिजली तार और समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण ऐसी घटनाएं लगातार हो रही हैं। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही बिजली विभाग से जर्जर तारों को जल्द बदलने और नियमित निगरानी करने की भी मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

Leave a Comment