नालंदा में “महिला संवाद” अभियान से गूंजीं गांवों की आवाज, 8 हजार से अधिक ग्रामीणों ने लिया भाग

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता बिहारशरीफ। नालंदा जिले के 17 प्रखंडों के 361 ग्राम संगठनों में बिहार सरकार द्वारा संचालित महिला सशक्तिकरण की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुँचाने तथा ग्रामीण विकास को गति देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे महत्वाकांक्षी अभियान “महिला संवाद” के तहत आज लगभग 8 हजार से अधिक ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इन सभी स्थानों पर चलित वीडियो वाहनों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों और महिला उत्थान से जुड़ी योजनाओं एवं परियोजनाओं की जानकारी चलचित्रों के माध्यम से ग्रामीणों को दी गई।

नालंदा जिले में जीविका के सहयोग से ग्राम संगठन स्तर पर महिला संवाद का आयोजन किया जा रहा है। आज आयोजित कार्यक्रम के तहत, प्रथम पाली में 19 ग्राम संगठनों और द्वितीय पाली में अन्य 19 ग्राम संगठनों में महिला संवाद कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इसमें जीविका स्वयं सहायता समूह की दीदियों के अलावा समूह से इतर महिलाएं भी बढ़-चढ़कर शामिल हुईं।गौरतलब है कि इस संवाद के दौरान महिलाएं गांव, समाज और राज्य के विकास को लेकर खुले मन से मंथन कर रही हैं।

महिलाओं से प्राप्त सुझावों और आकांक्षाओं को एक मोबाइल एप के माध्यम से संकलित किया जा रहा है, ताकि भविष्य में नीति निर्माण और योजना क्रियान्वयन में इनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

बता दें कि बिहार सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आए सकारात्मक बदलाव पर विस्तृत चर्चा हेतु महिला संवाद कार्यक्रम 18 अप्रैल 2025 से शुरू किया गया है। जिले के सभी 20 प्रखंडों में जीविका द्वारा गठित कुल 2214 ग्राम संगठनों में इस कार्यक्रम का आयोजन निर्धारित है।

प्रत्येक ग्राम संगठन में तय तिथि पर संवाद का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें वीडियो फिल्मों के माध्यम से जानकारी दी जा रही है और विचार-विमर्श कर महिलाओं के मंतव्य भी संकलित किए जा रहे हैं।

आज के कार्यक्रम के दौरान कई ग्रामीण महिलाओं और युवतियों ने सरकार की योजनाओं से लाभान्वित होकर अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की प्रेरक कहानियाँ साझा कीं।

साथ ही उन्होंने अपनी आकांक्षाओं को भी खुलकर व्यक्त किया। ग्रामीणों ने गांवों में नालियों की समुचित व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, सामुदायिक शौचालयों के निर्माण, विधवा पेंशन में वृद्धि, राशन दुकानों की स्थापना तथा दिव्यांगता भत्ता जैसी सुविधाओं की माँग रखी।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला परियोजना प्रबंधक संजय प्रसाद पासवान, प्रबंधक संचार संतोष कुमार, प्रबंधक सामाजिक विकास पंकज कुमार सहित सभी प्रखंड परियोजना प्रबंधक एवं जीविका कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment