अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ।रविवार को नालंदा जिला मुख्यालय, बिहारशरीफ में विकासशील इंसान पार्टी (VIP) की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डॉ. सतेंद्र प्रसाद बिंद ने की, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारीगण उपस्थित हुए।
बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. बिंद ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में नालंदा जिले की तीन प्रमुख सीटों—हरनौत, हिलसा और नालंदा से VIP पार्टी के उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरने की संभावना है। उन्होंने कहा कि पार्टी जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत कर रही है और आम जनता के मुद्दों को लेकर निरंतर सक्रिय है।
इस मौके पर युवा प्रदेश अध्यक्ष प्रधुमन बेलदार ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि इस बार बिहार में महागठबंधन की सरकार बननी तय है, और VIP प्रमुख मुकेश साहनी को उपमुख्यमंत्री बनाना पार्टी का लक्ष्य है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी लगन और जोश के साथ संगठनात्मक कार्य में जुट जाएं।
बैठक में जिला प्रभारी विजय निषाद, जिला उपाध्यक्ष रामबली बिंद, उपाध्यक्ष रामप्रवेश बिंद, मिथिलेश बिंद सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे। सभी ने एकमत से संगठन को और अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
बैठक का उद्देश्य पार्टी के आगामी रणनीतियों की जानकारी देना और कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में सक्रिय रूप से भागीदारी के लिए प्रेरित करना था।