अपना नालंदा संवाददाता
हरनौत ।स्थानीय प्रखंड के छतियाना गांव में आयोजित 24 कुण्डीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ के तीसरे दिन रविवार को सामूहिक जप, ध्यान, देवपूजन, गायत्री महायज्ञ के साथ-साथ विभिन्न संस्कार संपन्न हुए। इस अवसर पर शांतिकुंज हरिद्वार से पधारी पांच सदस्यीय टोली ने युग संगीत और प्रवचन भी प्रस्तुत किया। यज्ञ मंडप की परिक्रमा करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।
गौरतलब है कि यह महायज्ञ 28 अप्रैल तक चलेगा, जिसका आयोजन प्रज्ञा मंडल छतियाना द्वारा किया जा रहा है। आयोजन समिति के संयोजक अजय कुमार सिंह, सह-संयोजक विनायक कुमार और सदस्य मुकेश कुमार ने बताया कि रविवार को 6 गर्भवती महिलाओं का पुष्यवन संस्कार, 40 बच्चों का विद्यारंभ संस्कार, 2 बच्चों का मुंडन संस्कार, 25 श्रद्धालुओं का गुरु दीक्षा संस्कार, 5 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार और 5 बच्चों का नामकरण संस्कार संपन्न हुआ।
बताया गया कि यज्ञ में 600 से अधिक श्रद्धालुओं ने आहुति दी, जिसमें महिलाओं और पुरुषों की समान भागीदारी रही। संध्या के समय विराट दीप महायज्ञ का आयोजन हुआ, जिसमें लगभग 2500 दीप प्रज्वलित किए गए।
शांतिकुंज हरिद्वार से आई टोली के नायक श्रीनिवास तिवारी ने राष्ट्र को समर्थ और सशक्त बनाने पर जोर देते हुए कहा कि समाज को फिजूलखर्ची छोड़नी होगी। उन्होंने आध्यात्मिक साधना के उपाय बताते हुए कहा कि यदि मनुष्य अपने मन, बुद्धि, चित्त और अहंकार पर विजय प्राप्त कर ले तो वह परमात्मा को प्राप्त कर सकता है। इसके साथ ही उन्होंने भगवान की उपासना, साधना और आराधना की विधियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
शांतिकुंज से आई टीम में सह टोली नायक दुर्गा प्रसाद, गायक गुण सागर राणा, वादक बादल भृगु और अरविंद गिरी भी शामिल रहे।




