अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। आज शनिवार को डीएवी पब्लिक स्कूल पावर ग्रीड में प्राचार्य मनोज कुमार दुबे के नेतृत्व में और यूकेजी वर्ग की शिक्षिका सिम्मी कुमारी की देखरेख में यूकेजी के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रकार के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर बच्चों ने “पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ” का संदेश देते हुए पर्यावरण की सुरक्षा और प्रदूषण नियंत्रण के महत्व पर जोर दिया। पूरे देश में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से छोटे-छोटे बच्चे भी इस जागरूकता अभियान में नन्हे एंबेसडर के रूप में भाग लेने में सफल रहे।
यूकेजी की शिक्षिका सिम्मी कुमारी ने बच्चों को पौधों में पानी डालने और उनकी सुरक्षा करने की सीख दी। प्राचार्य मनोज कुमार दुबे ने बच्चों को सरल भाषा में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की जानकारी देते हुए उनके उत्साह को बढ़ाया।
बच्चों ने खेल, नृत्य और संगीत के माध्यम से पौधारोपण का महत्व दर्शाया और इस कार्यक्रम के माध्यम से खुशहाली और हरियाली का संदेश भी दिया।
पौधारोपण कार्यक्रम में आयुष कुमार, कृतिका सिंह, अश्विवी श्रीवास्तव, अव्य सिन्हा, अग्रिमा राज पटेल, अथर्व राज पटेल, साकेत कुमार, शिवम सिंह, दिव्यांश वर्मा, वैष्णवी आर्या, आरुषि कुमारी और अवनिका सिंह ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस प्रकार नन्हे बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण और हरियाली के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।