संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, नई दिल्ली के निर्देशानुसार स्थानीय मंगला स्थान स्थित डैफोडिल पब्लिक स्कूल में “स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस” विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक बनाना तथा विद्यालयों में स्वस्थ और सकारात्मक वातावरण को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ नालंदा सहोदया क्लस्टर के अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह, सचिव आशीष रंजन, सीबीएसई रिसोर्स पर्सन मिसेज रुबीना निशात, पवन कुमार वर्मा, कुंदन पाठक, डॉ स्वाति, डॉ संजय कुमार, गौसिया परवीन, दीपक कुमार, रश्मि रानी तथा वेन्यू डायरेक्टर डॉ रवि चंद कुमार के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों का समग्र विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केवल शैक्षणिक उपलब्धि ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों का शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और भावनात्मक मजबूती भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करें और विद्यालयों में सकारात्मक वातावरण तैयार करें।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान रिसोर्स पर्सन मिसेज रुबीना निशात और पवन कुमार वर्मा ने हेल्थ एंड वेलनेस के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, जीवन कौशल, स्वच्छता, तनाव प्रबंधन और सकारात्मक सोच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया। गतिविधि आधारित शिक्षण, संवादात्मक सत्र, चित्रांकन और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से प्रतिभागियों को विषय की गहराई से समझ दी गई।

प्रशिक्षकों ने बताया कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में विद्यार्थियों पर पढ़ाई का दबाव बढ़ता जा रहा है। ऐसे में विद्यालयों में हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन बेहद जरूरी है, ताकि विद्यार्थी तनावमुक्त रहकर बेहतर प्रदर्शन कर सकें और उनका सर्वांगीण विकास हो सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इसे अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया। प्रतिभागियों ने उम्मीद जताई कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित होते रहेंगे, जिससे शिक्षकों के ज्ञान और कौशल में निरंतर वृद्धि होती रहे।

इस दौरान योग और प्राणायाम का प्रशिक्षण रीना कुमारी के द्वारा दिया गया। वहीं कार्यक्रम के दौरान पुलकेश पांडे, डॉ महेंद्र कुमार, जितेंद्र कुमार, नीतीश कुमार, रीना कुमारी, श्यामा परवीन, रवि रंजन भारती, सभ्यता चामलिंग, अतुल कुमार, शिल्पा कुमारी, चंद्र भूषण शर्मा, हिना कौसर और प्रशांत कुमार को प्रश्नों के सही उत्तर देने के लिए पुरस्कृत किया गया। अंत में दीपक कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम का समापन किया।






