बिरजू कुमार,बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। सहकारिता आंदोलन के अग्रणी नेता एवं अस्थावां विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक स्वर्गीय अयोध्या प्रसाद की 35वीं पुण्यतिथि के अवसर पर अस्थावां स्थित अयोध्या प्रसाद स्मृति सदन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अस्थावां के वर्तमान विधायक जितेन्द्र कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर बिहारशरीफ के पूर्व विधायक पप्पू खां स्मृति सदन पहुंचे और स्वर्गीय अयोध्या प्रसाद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्वर्गीय अयोध्या बाबू सहकारिता, सामाजिक न्याय और जनसेवा के प्रतीक थे। उनका जीवन संघर्ष, सादगी और जनहित के प्रति समर्पण की मिसाल है, जिससे आज भी नई पीढ़ी प्रेरणा लेती है।
विधायक जितेन्द्र कुमार ने भी स्वर्गीय अयोध्या प्रसाद के योगदान को याद करते हुए कहा कि अस्थावां के विकास और सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही है। उन्होंने जनता के बीच रहते हुए जनसमस्याओं के समाधान को अपनी प्राथमिकता बनाया और यही कारण है कि आज भी लोग उन्हें आदर और सम्मान के साथ स्मरण करते हैं।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सत्तारूढ़ दल के नेताओं के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्वर्गीय अयोध्या प्रसाद के चाहने वाले उपस्थित रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।




