चंडी (अपना नालंदा)। प्रखंड के महेशपुर गांव में जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का 75वां जन्मदिन हर्षोल्लास, उत्साह और सामाजिक संदेशों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व जिप अध्यक्ष सह जिला पार्षद पिंकी कुमारी ने किया। इस अवसर पर गांव में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कर मुख्यमंत्री के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की गई।
पिंकी कुमारी ने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देने का संकल्प है। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में बिहार ने विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मुख्यमंत्री के विचारों और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाएं। साथ ही नालंदा जिला में संगठन को और अधिक मजबूत और सक्रिय बनाने का संकल्प लें, ताकि विकास की गति निरंतर बनी रहे।
जन्मदिन समारोह के उपरांत होली के पावन अवसर पर होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महेशपुर स्थित समाजसेवी प्रेम कुमार सिन्हा के निजी आवास पर संपन्न हुआ। समारोह में पारंपरिक होली गीतों की प्रस्तुति दी गई और ढोल-झांझ की थाप पर लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में समाजसेवी प्रेम कुमार सिन्हा, मुखिया आत्मा राम सिंह, दीपक कुमार सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में मुख्यमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की और राज्य के सतत विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि यह बुराई पर अच्छाई की जीत और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से समाज में सौहार्द और आपसी सहयोग की भावना मजबूत होती है।
इस प्रकार महेशपुर गांव में मुख्यमंत्री के जन्मदिन और होली मिलन समारोह का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसने विकास, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक एकता का संदेश एक साथ दिया गया।
नीतीश कुमार के 75वें जन्मदिन पर महेशपुर में वृक्षारोपण और होली मिलन समारोह मनाया गया
Written by Sanjay Kumar
Published on:







