आर संतोष भारती
कतरीसराय (अपना नालंदा)। बिहार पुलिस सप्ताह के प्रथम दिन रविवार को थाना क्षेत्र में 5 किलोमीटर मैराथन दौड़ का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने किया, जिसमें पुलिस पदाधिकारियों, जवानों तथा स्थानीय चौकिदार-डफादारों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
दौड़ में अपर थानाध्यक्ष आदित्य कुमार, पीएसआई मुकुंद भारती, एसआई गुरुदेव खड़िया, एसआई संजय सिंह, एएसआई धर्मेन्द्र कुमार, मनीष कुमार, रुदल पासवान और संजय दास सहित कई पुलिसकर्मी शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने पूरे जोश और ऊर्जा के साथ दौड़ लगाई, जिससे क्षेत्र के युवाओं में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय तथा विश्वास कायम करना बताया गया। थानाध्यक्ष ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से लोगों में जागरूकता बढ़ती है और वे पुलिस को निर्भीक होकर सहयोग करने के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-पब्लिक के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध बेहद जरूरी हैं।
पुलिस सप्ताह के तहत आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि पुलिस जनता की सुरक्षा और सहयोग के लिए सदैव तत्पर है। साथ ही सकारात्मक संवाद और साझेदारी को बढ़ावा देना ही इस अभियान का मुख्य लक्ष्य है। कार्यक्रम को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया और कई लोगों ने इसे सराहनीय पहल बताया।
मैराथन दौड़ के जरिए पुलिस ने दिया एकता, विश्वास और सुरक्षा का भरोसा
Written by Sanjay Kumar
Published on:







