आर संतोष भारती
कतरीसराय (अपना नालंदा)। बादी मुशहरी प्राथमिक विद्यालय में मध्याह्न भोजन की सामग्री चोरी हो जाने से विद्यालय प्रशासन एवं ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। कार्यवाहक प्रभारी शिक्षिका रजनी कुमारी ने बताया कि प्रभारी प्रधानाध्यापक टुन्नी कुमार आकस्मिक अवकाश पर हैं, ऐसे में विद्यालय संचालन की जिम्मेदारी उन पर है। सोमवार की सुबह जब वह निर्धारित समय पर विद्यालय पहुंचीं, तो उन्होंने देखा कि कार्यालय कक्ष और रसोईघर का ताला टूटा हुआ है। तत्काल जानकारी उन्होंने प्रभारी प्रधानाध्यापक को दी, जो मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।रविवार की देर रात अज्ञात चोरों ने विद्यालय परिसर में रखी मध्याह्न भोजन योजना की भारी मात्रा में सामग्री चोरी कर ली। चोर 14 बोरा चावल, 5 किलो दाल, 2 किलो तेल, एक भरा गैस सिलेंडर, दो बड़ा टब, एक स्टील और एक एल्यूमिनियम का बर्तन सहित अन्य आवश्यक सामग्री उठा ले गए। शिक्षिका ने बताया कि सुबह स्कूल का ताला टूटा पाया गया और सभी खाद्यान्न व रसोई से जुड़े उपकरण गायब थे। घटना की जानकारी लिखित रूप से स्थानीय प्रशासन व पुलिस को दे दी गई है।थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस जांच में जुट गई है तथा आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की जा रही है। इधर, ग्रामीणों ने कहा कि विद्यालय में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण ऐसी घटनाएँ हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से स्कूल परिसर में सुरक्षा मजबूत करने की मांग की है।चोरी की इस घटना से मध्याह्न भोजन योजना प्रभावित होने की संभावना है। शिक्षकों ने जल्द सामग्री उपलब्ध कराने और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
बादी मुशहरी स्कूल में मध्याह्न भोजन सामग्री चोरी से हड़कंप मचा
Written by Sanjay Kumar
Published on:




